नाहरगढ़ जैविक उद्यान में मादा बाघिन ‘भक्ति ने दो शावकों को जन्म दिया

जयपुर। नाहरगढ़ जैविक उद्यान, जयपुर में मादा बाघिन ‘भक्ति’ ने 18 अप्रैल की रात्रि 2:26 बजे एवं 2:50 बजे दो स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। उप वन संरक्षक वन्यजीव चिडियाघर जयपुर विजय पाल सिंह ने बताया कि जन्म के काफी समय बाद तक मादा बाघिन द्वारा शावकों को दूध न पिलाने के कारण, उपनिदेशक, बहुउद्देशीय चिकित्सालय, पांचबत्ती जयपुर द्वारा गठित पशु चिकित्सकीय बोर्ड के निर्णयानुसार दोनों शावकों को मां से अलग किया गया।

दोनों शावकों को तत्काल नाहरगढ़ जैविक उद्यान के पशु चिकित्सालय में संचालित नियो नेटल केयर यूनिट में शिफ्ट किया गया। पशु चिकित्सा दल द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत डॉ. अरविन्द कुमार माथुर द्वारा शावकों को फीडिंग करवाई गई।

वर्तमान में डॉ. अरविन्द कुमार माथुर द्वारा शावकों के स्वास्थ्य की सतत निगरानी एवं नियमित फीडिंग की जा रही है। साथ ही नाहरगढ़ जैविक उद्यान प्रशासन द्वारा तीन कार्मिकों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, जो आठ-आठ घंटे की पारी में शावकों की निरंतर देखभाल एवं निगरानी सुनिश्चित करेंगे। दोनों शावक फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!