पर्यटन परियोजनाओं को गति देने पर मंथन, लोक मंथन-2026 के लिए ₹20 करोड़ मंजूर

दिया कुमारी ने 67 बजट घोषणाओं की समीक्षा की, आमेर-नाहरगढ़ क्षेत्र में SASCI के 87 प्रतिशत कार्य पूर्ण; 8 दिसंबर को शेखावाटी हेरिटेज मीट

जयपुर। उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन, कला-संस्कृति तथा पुरातत्व मंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को पर्यटन भवन में पर्यटन, कला एवं संस्कृति, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग तथा ADMA के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पिछले तीन वर्षों के कार्यों, बजट घोषणाओं की प्रगति, आगामी आयोजनों और नई पर्यटन योजनाओं पर मंथन किया गया। उन्होंने आगामी पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

आगामी आयोजनों पर विशेष फोकस

लोक मंथन-2026 का आयोजन 3 से 6 दिसंबर तक जवाहर कला केंद्र में होगा। इसके लिए 20 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। 8 दिसंबर को खेतड़ी, झुंझुनू के होटल अभयगढ़ में शेखावाटी हेरिटेज मीट होगी, जिसमें मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री शामिल होंगे। हवेलियों के संरक्षण और नई योजनाओं पर चर्चा होगी। 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस पर राजस्थान@2047 विषय के तहत पर्यटन सत्र आयोजित होगा, जिसमें AI और लग्जरी पर्यटन पर चर्चा होगी। इसका व्हाइट पेपर भी तैयार किया गया है। वर्ष 2027 में जयपुर स्थापना के 300 वर्ष पर गोविंद देव जी कला महोत्सव की योजना बनाई जा रही है।

67 बजट घोषणाओं की समीक्षा

कुल 67 बजट घोषणाओं में 10 पूर्ण, 33 प्रगतिरत, 8 को स्वीकृति तथा 15 के प्रस्ताव प्रारंभिक चरण में हैं। आमेर-नाहरगढ़ क्षेत्र में SASCI के 87 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुए हैं। 10 में से 5 कार्य पूरे हो चुके हैं, आमेर साउंड एंड लाइट शो का अनुबंध 13 नवंबर को हुआ तथा गैटोर की छतरियों का 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण है।

स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत करणी माता 70 प्रतिशत, खाटू श्यामजी 45 प्रतिशत, मालासेरी डूंगरी 35 प्रतिशत और केशोरायपाटन 30 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है। कोटा के बुढ़ादीत सूर्य मंदिर को PRASAD योजना के लिए चिन्हित किया गया है। कृष्ण गमन पथ और झुंझुनू वॉर म्यूजियम की DPR तैयार हो रही है।

नई योजनाओं और RTDC सुधार पर चर्चा

ग्रामीण होमस्टे योजना के संशोधित ड्राफ्ट में ब्याज सब्सिडी, 7 साल तक 75% SGST प्रतिपूर्ति तथा घरेलू दरों पर बिजली-पानी का प्रस्ताव है। शेखावाटी हवेली संरक्षण योजना वित्त विभाग को भेजी गई है। फिल्म पर्यटन योजना में 4 फिल्मों को सब्सिडी दी गई है।

RTDC के होटल विनायक, मीनल, वृंदावती और हवेली को PPP मॉडल पर लीज देने का प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा गया है। वहीं, ओगिल्वी ने 7 प्रचार फिल्मों के अंतिम कॉन्सेप्ट प्रस्तुत किए।

#NewsExpressRajasthan #RajasthanTourism #JaipurTourism #CulturalHeritage #TourismDevelopment #Rajasthan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!