डिजिटल ज्ञान से आर्थिक उड़ान भरेगी अमृता हाट की महिला उद्यमी

दिया कुमारी का डिजिटल मंत्र—लोकल उत्पादों को ग्लोबल बाजार तक पहुंचाएं, हर प्रदर्शनी में अनिवार्य होगी डिजिटल मार्केटिंग और वित्तीय साक्षरता की कार्यशाला

जयपुर। राज्य स्तरीय अमृता हाट में अपने उत्पादों की बिक्री बढ़ाने और महिला उद्यमियों को डिजिटल बाजार से जोड़ने के लिए विशेष पहल की गई है। उप मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने शनिवार को जवाहर कला केन्द्र के रंगायन सभागार में आयोजित डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिलाओं को तकनीक अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का मंत्र दिया। उन्होंने घोषणा की कि महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से राज्य और जिला स्तर पर आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों में डिजिटल मार्केटिंग और वित्तीय साक्षरता की कार्यशालाएं अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएंगी।

ऑनलाइन बाजार से बढ़ेगा कारोबार

दिया कुमारी ने कहा कि आज के दौर में केवल अच्छा उत्पाद बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सही बाजार तक पहुंचाना भी जरूरी है। पिछली बार अमृता हाट के दौरान सामने आया था कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री कम करती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से उत्पादों को अधिक से अधिक ग्राहकों तक पहुंचाकर कारोबार बढ़ाया जा सकता है। इसके लिए वित्तीय साक्षरता भी बेहद जरूरी है।

वोकल फॉर लोकल से लोकल फॉर ग्लोबल

उप मुख्यमंत्री ने महिला उद्यमियों की सराहना करते हुए कहा कि वे अब केवल रोजगार पाने वाली नहीं, बल्कि दूसरी महिलाओं को रोजगार देने वाली बन रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल, लोकल फॉर ग्लोबल’ मंत्र के अनुरूप राजस्थान की कला, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को दुनिया तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने सरकारी-गैर सरकारी संस्थानों, बैंकों और ई-कॉमर्स कंपनियों से भी महिला उद्यमियों की मदद करने की अपील की।

फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप बिजनेस का प्रशिक्षण

प्रशिक्षण सत्र में महिलाओं को फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप बिजनेस के उपयोग, उत्पादों की ऑनलाइन ब्रांडिंग, आकर्षक फोटो-वीडियो बनाने, डिजिटल प्रचार, ऑनलाइन भुगतान, पैकेजिंग और ग्राहकों तक पहुंचने के तरीके बताए गए। इस पहल का उद्देश्य महिला उद्यमियों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाकर उनके स्वरोजगार, कारोबार और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।

#NewsExpressRajasthan #DigitalMarketing #WomenEntrepreneurs #WomenEmpowerment #VocalForLocal #AmritaHaat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!