जयपुर में वन शहीद दिवस पर वीर वनकर्मियों को किया नमन, संरक्षण का संकल्प दोहराया

जयपुर। वन शहीद दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जयपुर स्थित शहीद वन कर्मी उद्यान में वन शहीद दिवस मनाया गया।कार्यक्रम में वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा एवं संरक्षण के दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वनकर्मियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक अरुण प्रसाद, मुख्य वन संरक्षक एन. विजय, मुख्य वन संरक्षक अनूप कुमार आर,वन संरक्षक बिजोय जॉय, एवं उप वन संरक्षक डॉ. आशीष व्यास, सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अधिकारियों एवं उपस्थित वनकर्मियों द्वारा वन शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर वीर वनकर्मियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें स्मरण किया।

इस अवसर पर अरुण प्रसाद ने कहा कि वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण का दायित्व अनेक बार चुनौतीपूर्ण एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने की अपेक्षा रखता है। ऐसे में अपने कर्तव्य के प्रति निष्ठा रखते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वनकर्मी विभाग की गौरवशाली परंपरा के प्रतीक हैं। उनका त्याग एवं समर्पण भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, वन शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्राकृतिक संसाधनों एवं जैव विविधता की सुरक्षा के लिए समन्वित एवं प्रभावी प्रयास निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।

डॉ. आशीष व्यास, उप वन संरक्षक, वन्यजीव (जू) जयपुर ने कहा कि वन शहीदों का बलिदान राजस्थान वन विभाग की अमूल्य धरोहर है, जिसे सदैव सम्मान एवं कृतज्ञता के साथ स्मरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!