डूमोदा गांव से एक और तेंदुआ सुरक्षित रूप से पकड़ा गया

सवाई माधोपुर। डूमोदा गांव एवं आसपास के क्षेत्र में वन्यजीवों की लगातार गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे सतत निगरानी एवं रेस्क्यू अभियान के तहत शनिवार देर रात्रि एक और तेंदुए को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया।

वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी एवं अथक प्रयास किए जा रहे थे। इससे पूर्व भी इसी क्षेत्र से एक तेंदुआ पकड़ा जा चुका था। हालांकि, क्षेत्र में एक अन्य तेंदुए की मौजूदगी के प्रमाण लगातार मिल रहे थे। उप वन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि प्राप्त साक्ष्यों एवं गतिविधियों के आधार पर विभाग द्वारा निगरानी एवं रेस्क्यू प्रयास जारी रखे गए, जिसके परिणामस्वरूप आज रात्रि दूसरे तेंदुए को भी सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया गया।

क्षेत्र में वन विभाग द्वारा लगातार कैमरा ट्रैप, केज ट्रैप एवं नियमित गश्त के माध्यम से वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दिन-रात किए गए निरंतर प्रयासों से यह कार्रवाई सफल हुई।

इसी क्षेत्र में आबादी के आसपास बार-बार आ रहे एक स्लॉथ भालू (रीछ) को भी पूर्व में सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया गया था। आमजन की सुरक्षा एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावनाओं को कम करने के उद्देश्य से भालू को भी सुरक्षित रूप से पकड़ा गया।

वन विभाग द्वारा डूमोदा एवं आसपास के क्षेत्र में मानव सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग की टीमें क्षेत्र में सतर्क हैं तथा आवश्यकता के अनुसार आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, वन्यजीव दिखाई देने पर उसके पास न जाएं तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। ग्रामीणों के सहयोग से ही मानव एवं वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

#NewsExpressRajasthan #DumodaLeopardRescue #LeopardRescue #Ranthambore #WildlifeConservation #HumanWildlifeConflict

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!