विश्व पर्यावरण दिवस पर जयपुर वैक्स म्यूजियम की अनूठी पहल, पर्यावरण संरक्षण के साथ व्यक्तित्व निर्माण का संदेश
जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नाहरगढ़ फोर्ट परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण को प्रेरणादायक स्वरूप दे दिया। जयपुर वैक्स म्यूजियम, नाहरगढ़ फोर्ट प्रशासन और पुरातत्व विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में लगाए गए प्रत्येक पौधे को देश की किसी महान शख्सियत के नाम समर्पित किया गया।
जयपुर वैक्स म्यूजियम द्वारा पिछले कई वर्षों से निभाई जा रही इस अनूठी परंपरा के तहत इस बार नीम का पौधा महावीर चक्र से सम्मानित महाराजा सवाई भवानी सिंह को समर्पित किया गया। हाल ही में उनकी मोम प्रतिमा भी जयपुर वैक्स म्यूजियम में स्थापित की गई है। वहीं गुलमोहर का पौधा वीरता और त्याग की प्रतीक हाड़ी रानी के नाम लगाया गया।

इसके अलावा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर तथा अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला के नाम भी पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग की वित्तीय सलाहकार डॉ. संगीता राठौड़, नाहरगढ़ दुर्ग के अधीक्षक सोहनलाल चौधरी तथा जयपुर वैक्स म्यूजियम के संस्थापक निदेशक अनुप श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी एवं पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।
अनुप श्रीवास्तव ने कहा कि उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी देखभाल कर उन्हें एक बच्चे की तरह बड़ा करना है। उन्होंने बताया कि इन पौधों की नियमित सिंचाई और संरक्षण की जिम्मेदारी भी म्यूजियम प्रशासन ने ली है। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ युवाओं और पर्यटकों को देश की महान विभूतियों के जीवन और योगदान से भी प्रेरणा मिलेगी।
#NewsExpressRajasthan #WorldEnvironmentDay #EnvironmentDay2026 #PlantATree #GoGreen #SaveEnvironment #GreenRajasthan #JaipurWaxMuseum #NahargarhFort #Sustainability #EcoFriendly #ClimateAction #NatureConservation #TreePlantation #GreenFuture #InspirationThroughNature #HarmanpreetKaur #KalpanaChawla #BhawaniSingh #HadiRani #JaipurNews
