‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ, 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य
जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने झालाना स्थित विश्व वानिकी वृक्ष उद्यान में बरगद का पौधा रोपकर ‘हरियालो राजस्थान’ तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधे लगाने और मिशन हरियालो राजस्थान से जुड़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छ पर्यावरण और हरित विकास के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, वृक्षारोपण और प्रकृति संरक्षण की दिशा में प्रदेश में ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने के लिए अपनी जिम्मेदारियों का सक्रियता से निर्वहन करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान को पर्यावरण की दृष्टि से देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026-27 के राज्य बजट में राजस्थान को हरित प्रदेश के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से 10 करोड़ पौधे लगाने और उनके संरक्षण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा, सांसद मंजू शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी और पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।
#NewsExpressRajasthan#WorldEnvironmentDay #HarialoRajasthan #PlantATree #GoGreen #SaveEnvironment #OneTreeForMother #ClimateAction #GreenRajasthan #EcoFriendly #SustainableFuture
