पर्यटक सहायता बल पर्यटन की मजबूत कड़ी, रचनात्मकता से निखरेंगे सहायता बूथ

बूथ डिज़ाइनिंग एवं ब्यूटीफिकेशन प्रतियोगिता–2026 का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित

जयपुर। प्रदेश में पर्यटन को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यटक-अनुकूल बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत बनीपार्क स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) परिसर में बूथ डिज़ाइनिंग एवं ब्यूटीफिकेशन प्रतियोगिता 2026 का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राजस्थान पर्यटन विभाग द्वारा पर्यटकों की सहायता के लिए तैनात पर्यटक सहायता बल (टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स) के बूथों को आकर्षक और सुविधाजनक बनाने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करना था।

विद्यार्थियों ने दिखाया नवाचार
आईएचएम की प्रिंसिपल निमिषा सेठ ने बताया कि पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में जयपुर के 9 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने बूथ डिज़ाइनिंग के माध्यम से अपनी रचनात्मक सोच, नवाचार और व्यावहारिक दृष्टिकोण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रत्येक विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 9 प्रतिभागियों को समारोह में प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पर्यटन अनुभव को सुरक्षित और स्मरणीय बनाने का संकल्प
पर्यटन आयुक्त रूकमणी रियाड़ ने कहा कि पर्यटक सहायता बल राजस्थान पर्यटन का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने बताया कि राजस्थान उन चुनिंदा राज्यों में शामिल है, जहां पर्यटकों के लिए समर्पित सहायता बल तैनात है। ऐसे रचनात्मक आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यटन से जोड़ना भविष्य में सकारात्मक परिणाम देगा।

आकर्षक बूथ पर्यटकों को देंगे सहज अनुभव
पर्यटक सहायता बल के उपनिदेशक संग्राम सिंह भाटी ने बताया कि राज्यभर में बल द्वारा सुरक्षा, मार्गदर्शन और आपात सहायता प्रदान की जा रही है। आकर्षक बूथ पर्यटकों को सहायता लेने के लिए प्रेरित करते हैं।

#NewsExpressRajasthan #TouristAssistanceForce #RajasthanTourism #BoothDesigning #StudentCreativity #TourismInnovation #SafeTravel #IncredibleRajasthan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!