जयपुर। केंद्रीय पर्यावरण ,वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव एवं राज्य के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने सोमवार को मिनी सचिवालय, अलवर में राजीविका की राजसखी कैफे एवं रेस्टोरेंट शुभारम्भ किया।
यादव ने राजीविका समूह की महिलाओं को कैफे एवं रेस्टोरेंट के सुचारू संचालन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सचिवालय परिसर में बनाए गए इस कैफे एवं रेस्टोरेंट से विभागीय कार्मिकों के साथ-साथ यहां आने वाले लोगों को अच्छी गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा संचालित यह रेस्टोरेंट महिला सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक कदम है। लखपति दीदी जैसी अनेकों योजनाओं से केंद्र व राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के की दिशा में निरन्तर कार्य कर रही है।
संजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने गत एक वर्ष में बड़ी संख्या में लखपति दीदी बनाकर उन्हें स्वरोजगार से जोडा है जिससे वे अपने परिवार को सशक्त करने के साथ ही आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान करने में सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिला समूहों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न कार्यों के प्रशिक्षण प्रदान कर स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। महिला समूहों को उचित प्लेटफार्म प्रदान भी कराए जा रहे हैं।
इस दौरान जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने केंद्रीय मंत्री यादव एवं वन राज्यमंत्री शर्मा को राजीविका कैंटीन व महिला समूह द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उनके हस्तनिर्मित उत्पादों की जानकारी दी।