सवाई माधोपुर। रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के वन क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते कई स्थानों पर पानी का प्रवाह काफी तेज हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने वाले मार्गों का निरीक्षण पूरा कर लिया है। निरीक्षण में गणेश मंदिर मार्ग की सड़कें फिलहाल श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सुरक्षित और ठीक स्थिति में पाई गई हैं। हालांकि, वन क्षेत्र से लगातार आ रहे तेज जलप्रवाह को देखते हुए मार्ग खोलने का अंतिम निर्णय अभी नहीं लिया गया है।
उप वन संरक्षक मानस सिंह का कहना है कि गणेश मंदिर मार्ग पर प्रवेश एवं गेट खोलने का फैसला कल सुबह जलप्रवाह की स्थिति का आकलन करने के बाद लिया जाएगा। यदि पानी का बहाव कम होकर सुरक्षित स्तर पर आता है, तभी श्रद्धालुओं को मार्ग से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। विभाग की टीम कल सुबह जल्द ही मार्ग और जलप्रवाह की स्थिति का दोबारा निरीक्षण करेगी।
इसके बाद गणेश मंदिर मार्ग खोलने या बंद रखने को लेकर नवीनतम जानकारी साझा की जाएगी। बारिश के कारण रणथम्भौर के वन क्षेत्रों में पानी का बहाव बढ़ने से वन विभाग पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति में सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।
#NewsExpressRajasthan#Ranthambore #TrinetraGaneshTemple #RajasthanTourism #HeavyRainfall #WildlifeIndia
