जयपुर। राजस्थान पर्यटन विभाग विश्व के सबसे बड़े पर्यटन व्यापार मेले आईटीबी बर्लिन में 3 से 5 मार्च तक सशक्त भागीदारी करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की विरासत, संस्कृति, शाही आतिथ्य और सतत पर्यटन मॉडल की प्रस्तुति देगा। ‘रेगिस्तान से राइन नदी तक’ थीम के माध्यम से राजस्थान यूरोप और भारत के बीच पर्यटन, संस्कृति और आर्थिक सहयोग का नया सेतु स्थापित करेगा।
पर्यटन आयुक्त रूकमणी रियाड़ के नेतृत्व में विभाग का प्रतिनिधिमंडल जर्मनी, फ्रांस और यूनाइटेड किंगडम सहित यूरोप के प्रमुख पर्यटन स्रोत देशों में राजस्थान की ब्रांड पहचान को और मजबूत करेगा। प्रतिनिधिमंडल में अतिरिक्त निदेशक पवन जैन एवं संयुक्त निदेशक डॉ. पुनीता सिंह भी शामिल रहेंगे।
पर्यटन आयुक्त रियाड़ ने कहा कि राजस्थान केवल ऐतिहासिक धरोहरों का प्रदेश नहीं बल्कि जीवंत अनुभवों की भूमि है, जहां किले, महल, लोक उत्सव, वन्यजीव पर्यटन और मरुस्थलीय जीवन पर्यटकों को अनूठा अनुभव प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर बढ़ रही अनुभव आधारित और सस्टेनेबल पर्यटन की मांग के बीच राजस्थान और यूरोप के बीच यह संवाद पर्यटन विकास को नई गति देगा।
वर्ष 2025 के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार राजस्थान में कुल 19,45,068 विदेशी पर्यटक यात्राएं दर्ज की गईं। इनमें से 5,75,968 पर्यटक यूरोप के 25 देशों से आए, जो कुल विदेशी पर्यटकों का लगभग 29.6 प्रतिशत है।
यूरोप से आने वाले प्रमुख पर्यटक देशों के आंकड़े इस प्रकार हैं।
यूनाइटेड किंगडम – 1,33,978, फ्रांस – 1,31,270, जर्मनी – 82,703, इटली – 71,636, स्पेन – 38,841, आयरलैंड – 26,864, बेल्जियम – 20,629, स्विट्जरलैंड – 14,605, पोलैंड – 14,471, पुर्तगाल – 5,600, डेनमार्क – 4,664, स्वीडन – 4,093, नॉर्वे – 3,714, रोमानिया – 3,660, ग्रीस – 2,826, हंगरी – 2,678, चेक गणराज्य – 2,544, फिनलैंड – 2,351, बुल्गारिया – 1,944, स्लोवेनिया – 1,687, लिथुआनिया – 1,295, यूक्रेन – 1,242, सर्बिया – 1,023, एस्टोनिया – 994, लक्ज़मबर्ग – 656
विशेष रूप से जर्मनी तीसरे स्थान पर रहा, जो जर्मन पर्यटकों के बीच राजस्थान की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
आईटीबी बर्लिन में राजस्थान के प्रमुख लक्ष्य
यूरोपीय टूर ऑपरेटरों के साथ बी-टू-बी बैठकें, सांस्कृतिक एवं विरासत पर्यटन का प्रचार, सस्टेनेबल पर्यटन मॉडल की प्रस्तुति,
नए पर्यटन सर्किट और अनुभव आधारित पैकेज का प्रदर्शन करना है। पर्यटन विभाग का मानना है कि आईटीबी बर्लिन में राजस्थान की भागीदारी आने वाले वर्षों में विदेशी पर्यटक आगमन और वैश्विक निवेश को नई दिशा देगी।
#NewsExpressRajasthan #RajasthanTourism #ITBBerlin #GlobalTravel #VisitRajasthan #SustainableTourism #DesertToRhine #IncredibleIndia #EuropeanTravelers #HeritageDestination #TravelTradeShow
