जयपुर। नाहरगढ जैविक उद्यान में रहवास कर रही बाघिन रानी ने रविवार को पांच शावकों को जन्म दिया है। इनमें चार गोल्डन और एक सफेद शावक शामिल है। बाघिन रानी ने सालभर के अंदर दूसरी बार शावकों को जन्म दिया है। इससे पहले 10 मई 2024 को भी इसने शावकों को जन्म दिया था। इस दौरान एक सफेद शावक पैदा हुआ था। वहीं अब दूसरी बार भी एक सफेद शावक पैदा हुआ है। बाघिन और शावकों की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है।
बाघिन को जरूरी दवाई, मिनरल्स और सप्लीमेंट्स दिए जा रहे है। पिंजरे के पास जाने की अनुमति किसी को भी नहीं है। क्योंकि शावकों को जन्म देने के बाद बाघिन एग्रेसिव हो जाती है। इससे शावकों को भी नुकसान पहुंच सकता है। वन विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में पहली बार कैप्टिविटी में किसी बाघिन ने एक साथ पांच शावकों को जन्म दिया है। वन विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लायन सफारी में रहवास कर रही शेरनी तारा भी गर्भवती बताई जा रही है। जो जल्द ही शावकों को जन्म दे सकती है। शेरनी तारा की भी सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही है।