नाहरगढ़ अभयारण्य में वनपाल एवं वनरक्षक 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल यूनिट-द्वितीय, जयपुर द्वारा एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर गुरुवार को ट्रेप कार्यवाही करते हुए जिला जयपुर में पदस्थापित आरोपी श्याम सिंह, वनपाल, चौकी काला महादेव, नाहरगढ़ अभयारण्य, जयपुर को 20,000 रुपए तथा आरोपी श्री शिवकिशोर, वनरक्षक, चौकी काला महादेव, नाहरगढ़ अभयारण्य, जयपुर को 30,000 रुपए रिश्वत राशि (कुल-50,000) लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी स्पेशल यूनिट-द्वितीय, जयपुर को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि मावठा, आमेर में उसके द्वारा की गई शूटिंग कार्य से संबंधित सिक्योरिटी राशि वापस दिलवाने की एवज में आरोपी श्याम सिंह एवं शिवकिशोर द्वारा रिश्वत राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा है। आरोपी श्याम सिंह द्वारा पूर्व में 15,000 रुपए रिश्वत राशि प्राप्त किए जाने के बाद 20,000 रुपए तथा आरोपी शिवकिशोर द्वारा 30,000 रुपये रिश्वत राशि की मांग की जा रही है।

शिकायत के सत्यापन के पश्चात पीयूष दीक्षित, पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, जयपुर के सुपरविजन में महावीर प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, स्पेशल यूनिट-द्वितीय, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, जयपुर के नेतृत्व में मय टीम आज ट्रेप कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान आरोपी श्याम सिंह, वनपाल को 20,000 रुपए तथा आरोपी श्री शिवकिशोर, वनरक्षक को 30,000 रुपए रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!