उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी होंगी विशिष्ट अतिथि
जयपुर। यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल जंतर मंतर पर 23 अगस्त को ‘नेशनल स्पेस डे’ का आयोजन होगा। यह आयोजन पर्यटन विभाग और स्पेस इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में होगा। जिसमें उपमुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री दिया कुमारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
पर्यटन विभाग की आयुक्त रुक्मणि रियाड़ ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न और राज्य सरकार की पहल पर आयोजित हो रहा है। इसका उद्देश्य राजस्थान को एस्ट्रोटूरिज्म के वैश्विक मानचित्र पर अग्रणी स्थान दिलाना है।
स्पेस इंडिया के सीएमडी डॉ. सचिन भांभा ने बताया कि इस वर्ष की थीम ‘प्राचीन आकाश से अंतरिक्ष युग तक’ है। दिनभर चलने वाले कार्यक्रम में लाइव खगोलीय अवलोकन, सुरक्षित सूर्यावलोकन, स्पेस क्विज, वॉटर रॉकेट लॉन्च और बच्चों के लिए स्पेस थीम आर्ट एवं क्राफ्ट जैसी गतिविधियां होंगी।
विशेष सत्र में ‘जंतर मंतर से चंद्रयान तक’ विषय पर व्याख्यान होगा। रात को टेलिस्कोप से चंद्रमा, शनि, बृहस्पति और गैलेक्सी का लाइव अवलोकन करवाया जाएगा। इस आयोजन से भारत की प्राचीन खगोल विद्या और आधुनिक अंतरिक्ष उपलब्धियों को एक सूत्र में पिरोकर दुनिया के सामने नई पहचान दी जाएगी।