जयपुर। सचिवालय में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में जयपुर व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों ने चारदीवारी क्षेत्र की पुरानी समस्याओं पर चर्चा की।शनिवार को हुई बैठक में अवैध अतिक्रमण, पार्किंग की कमी, ई-रिक्शा संचालन, चोरी की घटनाएं और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विस्तृत मंथन हुआ।
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गश्त बढ़ाई जाए, और व्यापारियों की सहभागिता से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। व्यापारियों की पहल पर महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे ताकि सुरक्षा और निगरानी बेहतर हो सके।
चारदीवारी बनेगी ग्रीन जोन, नाइट बाजार और हेरिटेज लुक पर विशेष ध्यान
चारदीवारी को हरा-भरा बनाने के लिए सड़क डिवाइडर पर पेड़ लगाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें व्यापारी खुद भागीदारी निभाएंगे। दिया कुमारी ने कहा कि चारदीवारी का हेरिटेज लुक बनाए रखते हुए विकास कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने अधिकारियों को पार्किंग सुधारने, अतिक्रमण हटाने, महिला शौचालय के निर्माण और पर्यटकों की सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही, नाइट बाजार विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया गया ताकि क्षेत्र का आर्थिक और सांस्कृतिक जीवन और सशक्त हो सके।
बैठक में जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल, महामंत्री सुरेश सैनी, कोषाध्यक्ष सचिन गुप्ता सहित कई प्रमुख व्यापारी और अधिकारी मौजूद रहे।
#NewsExpressRajasthan #JaipurHeritageRevival #DiyaKumari #ChardiwariDevelopment #NightBazaar #GreenJaipur #CleanJaipur #HeritageLook #JaipurTraders #SmartCityJaipur #RajasthanProgress
