जयपुर। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को देवस्थान विभाग की ओर से 80 से अधिक राजकीय तथा प्रन्यास प्रबंधित शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने सोमवार को जयपुर के त्रिपोलिया बाजार स्थित राजकीय प्रत्यक्ष प्रभार मंदिर श्री प्रतापेश्वर मंदिर में सहस्त्रधारा रुद्राभिषेक किया। मंत्री कुमावत ने रूद्रीपाठ के उच्चारण के बीच विधि-विधान के साथ रूद्राभिषेक कर देवाधिदेव महादेव से लोकमंगल और राष्ट्रकल्याण की प्रार्थना की। रुद्राभिषेक के उपरांत कुमावत ने शिवोपासना का अनुष्ठान संपन्न किया।
इस दौरान देवस्थान विभाग के मंदिरों के पुजारियों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कराया। रुद्राभिषेक के बाद मंत्री कुमावत ने आरती कर चराचर जगत के कल्याण के लिए आदियोगी महादेव से प्रार्थना की। उन्होंने भगवान नंदी का पूजन कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। अनुष्ठान का यह कार्य दो घंटे से अधिक समय तक चला।
मंत्री कुमावत ने बताया कि देवस्थान विभाग की ओर से प्राचीन शिव मंदिरों में प्रत्येक सोमवार को रुद्राभिषेक कार्यक्रम किए जाएंगे। इस अवसर पर सहायक आयुक्त रतनलाल योगी, निरीक्षक सुरेंद्र कुमार पूनिया आदि मौजूद थे।