ब्यावर। विश्व पर्यावरण दिवस एवं गंगा दशहरा के पावन अवसर पर अजमेर संभाग में ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन-अभियान’ का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री एवं ब्यावर प्रभारी मंत्री दिया कुमारी के नेतृत्व में ब्यावर जिला कलेक्ट्रेट से हुआ।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने इस अवसर पर कहा कि राजस्थान में जल संरक्षण कोई विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता है। जलवायु परिवर्तन और घटते भूजल स्तर के संकट से निपटने के लिए हमें जन सहयोग से बड़ा अभियान चलाना होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि यह अभियान 5 जून से 20 जून तक राज्यभर में चलेगा।
इस कार्यक्रम में ब्यावर निवासी कार्तिकेय देवड़ा द्वारा बनाए गए प्लास्टिक के विकल्प के रूप में पर्यावरण अनुकूल थैलों का विशेष प्रदर्शन हुआ। उपमुख्यमंत्री ने इस स्टार्टअप को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल बताते हुए इसे राज्य सरकार का समर्थन देने की बात कही।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर हरित संदेश दिया तथा सभी नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण व जल बचत का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम में राजसमंद सांसद महिमा कुमारी सिंह, ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत, तथा प्रशासनिक अधिकारीगण मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ब्यावर से मेरा पुराना नाता है। मैं यहां सांसद रही हूं। यहां की ऊर्जा और नवाचार देखकर गर्व होता है। ‘वंदे गंगा’ अभियान पूरे राजस्थान में हरित चेतना और जल संरक्षण की नई क्रांति लाएगा। पानी बचाओ-भविष्य बचाओ। क्योंकि हर बूंद की कीमत है-हर नागरिक की ज़िम्मेदारी है।