भारतीय समयानुसार रात 9:56 बजे से शुरू होगा अद्भुत दृश्य
उज्जैन। खगोलीय प्रेमियों के लिए 7 और 8 सितम्बर की रात एक ऐतिहासिक खगोलीय घटना लेकर आ रही है। इस रात आकाश में पूर्ण चन्द्रग्रहण का अद्भुत नजारा दिखाई देगा। भारतीय समय के अनुसार पूर्ण चन्द्रग्रहण 7 सितम्बर को रात 09:56:08 बजे से शुरू होगा। ग्रहण का चरम या मध्य बिंदु रात 11:41:08 बजे होगा, जब चन्द्रमा का लगभग 136.8 प्रतिशत भाग पृथ्वी की छाया से ढका हुआ दिखेगा।
कब तक रहेगा यह खगोलीय संगम
ग्रहण का मोक्ष या समाप्ति 8 सितम्बर को रात 01:26:08 बजे होगी। यह दुर्लभ दृश्य भारत सहित अंटार्कटिका, पश्चिमी प्रशांत महासागर, ऑस्ट्रेलिया, एशिया, हिंद महासागर और यूरोप में देखा जा सकेगा। पूर्ण चन्द्रग्रहण में पृथ्वी, सूर्य और चन्द्रमा एक सीधी रेखा में होते हैं, जिससे चन्द्रमा पूरी तरह पृथ्वी की छाया में आ जाता है।
वेधशाला में होगा लाइव दर्शन
उज्जैन स्थित शासकीय जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ राजेंद्र प्रकाश गुप्त ने बताया कि इस विशेष अवसर पर यहां लाइव अवलोकन की व्यवस्था की है। यदि मौसम अनुकूल रहा और आकाश में बादल नहीं हुए, तो लोग वेधशाला से इस मनमोहक नज़ारे का आनंद ले सकेंगे। खगोल विज्ञान प्रेमियों के लिए यह एक अविस्मरणीय अवसर साबित होगा।
#NewsExpressRajasthan #LunarEclipse2025 #FullMoonEclipse #AstronomyLovers #SkyWatch #CelestialEvent #MoonMagic #Stargazing #TotalLunarEclipse #EclipseNight #SpaceWonder