राजस्थान के जैन तीर्थों में उमड़ी आस्था, छह माह में पहुंचे 28.79 लाख श्रद्धालु

दिलवाड़ा जैन मंदिर बना पहली पसंद, नाकोड़ा दूसरे और चमत्कार जैन तीर्थ तीसरे स्थान पर; प्राचीन स्थापत्य, संगमरमर की बेजोड़ नक्काशी और धार्मिक परंपराएं भी खींच रहीं पर्यटकों को

जयपुर। राजस्थान के जैन तीर्थों में आस्था और पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। जनवरी से जून 2026 के दौरान प्रदेश के 14 प्रमुख जैन मंदिरों और तीर्थस्थलों पर 28,79,241 घरेलू पर्यटक पहुंचे। राजस्थान पर्यटन विभाग की गंतव्यवार गणना के अनुसार, माउंट आबू स्थित दिलवाड़ा जैन मंदिर श्रद्धालुओं की पहली पसंद रहा। यहां छह माह में 11,44,172 पर्यटक पहुंचे। वहीं, बालोतरा के नाकोड़ा जैन तीर्थ में 4,86,500 और सवाई माधोपुर के आलनपुर स्थित चमत्कार जैन तीर्थ में 2,66,243 घरेलू पर्यटक दर्ज किए गए।

दिलवाड़ा की शिल्पकला का आकर्षण

सिरोही जिले के माउंट आबू स्थित दिलवाड़ा जैन मंदिर संगमरमर पर बारीक नक्काशी, कलात्मक स्तंभों और अलंकृत छतों के लिए प्रसिद्ध हैं। विमल वसाही और लूण वसाही मंदिर मध्यकालीन स्थापत्य कला की उत्कृष्ट मिसाल हैं। पश्चिमी राजस्थान का नाकोड़ा जैन तीर्थ श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जबकि पाली स्थित रणकपुर जैन मंदिर अपनी विशाल संरचना और संगमरमर के स्तंभों के लिए जाना जाता है। रणकपुर में छह माह में 1,71,527 घरेलू पर्यटक पहुंचे।

कई जिलों में फैली जैन तीर्थ परंपरा

सिरोही के पावापुरी मंदिर में 2,58,788 और जिरावला जैन मंदिर में 1,92,310 पर्यटक पहुंचे। खैरथल-तिजारा का तिजारा जैन मंदिर, बांसवाड़ा का आंदेश्वर तीर्थ, अजमेर की सोनीजी की नसियां और बीकानेर का भांडाशाह मंदिर भी श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं।

झालावाड़ के चांदखेड़ी और उन्हेल, भीलवाड़ा के जहाजपुर तथा उदयपुर के ऋषभदेव तीर्थ भी इस सूची में शामिल हैं। इन मंदिरों का महत्व धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है। प्राचीन प्रतिमाएं, मूर्तिकला, शिलालेख और निर्माण परंपराएं राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत को भी उजागर करती हैं। आंकड़े बताते हैं कि जैन तीर्थ प्रदेश के धार्मिक पर्यटन को मजबूती देने के साथ इतिहास और स्थापत्य में रुचि रखने वाले पर्यटकों को भी आकर्षित कर रहे हैं।

1 दिलवाड़ा जैन मंदिर सिरोही 11,44,172
2 नाकोड़ा जैन तीर्थ बालोतरा 4,86,500
3 चमत्कार जैन तीर्थ, आलनपुर सवाई माधोपुर 2,66,243

4 पावापुरी मंदिर सिरोही 2,58,788
5 जिरावला जैन मंदिर सिरोही 1,92,310
6 रणकपुर जैन मंदिर पाली 1,71,527
7 तिजारा जैन मंदिर खैरथल-तिजारा 1,12,400
8 आंदेश्वर जैन तीर्थ बांसवाड़ा 98,920
9 सोनीजी की नसियां अजमेर 50,919
10 भांडाशाह जैन मंदिर बीकानेर 23,500
11 आदिनाथ जैन तीर्थ, चांदखेड़ी झालावाड़ 22,721

12 नागेश्वर पार्श्वनाथ तीर्थ, उन्हेल झालावाड़ 18,671
13 जहाजपुर जैन मंदिर भीलवाड़ा 17,825
14 ऋषभदेव जैन तीर्थ उदयपुर 14,745

#NewsExpressRajasthan #JainTemples #RajasthanTourism #DilwaraTemples #JainPilgrimage #IncredibleIndia

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!