जयपुर। भारतीय वन सेवा के 56 प्रशिक्षु वन अधिकारी अपने दो दिन के शैक्षणिक भ्रमण के लिए सोमवार को जयपुर पहुंचे थे। उप वन संरक्षक जयपुर केतन कुमार ने बताया कि प्रशिक्षु अधिकारियों ने पहले दिन जयपुर के ऐतिहासिक स्थलों अल्बर्ट हॉल, हवा महल, आमेर किला व हाथी गांव का दौरा किया। मंगलवार को उन्होंने झालाना लेपर्ड रिज़र्व में सफारी का लुत्फ़ उठाया।
वहीं राजस्थान वन विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ इंटरेक्शन सेशन में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन बल प्रमुख) अरिजीत बैनर्जी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक पी के उपाध्याय,
प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक शिखा मेहरा, अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक वेंटकेश शर्मा एवं उदय शंकर मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के दौरान राजस्थान वन विभाग के इतिहास और वर्तमान में चल रही विभिन्न योजनाओं के बारे में प्रशिक्षु अधिकारीयों को अवगत करवाया गया।
पीसीसीएफ़ (हॉफ़) अरिजीत बैनर्जी ने टीम निर्माण में नेतृत्व क्षमता एवं फील्ड में ऑब्जरवेशन स्किल की महत्ता पर ज़ोर दिया। उन्होंने बदलते समय के साथ वन विभाग़ में आने वाली चुनौतियों के समाधान के लिए टेक्नोलॉजी के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए कहा गया।