जयपुर में बन रहा आधुनिक पुरा वस्तु संग्रहालय : अतीत से जुड़ेगा भविष्य

सितम्बर तक पर्यटकों के लिए खोलने की तैयारी, हाईटेक तकनीकों से होगा लैस

बहज समेत कई उत्खनन स्थलों से मिली अमूल्य वस्तुएं होंगी प्रदर्शित

बच्चों, विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए ज्ञान का खजाना बनेगा संग्रहालय

जयपुर। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा जयपुर में एक आधुनिक संग्रहालय का निर्माण करवाया जा रहा है। यह संग्रहालय मानसरोवर के पटेल मार्ग स्थित विभाग के कार्यालय के प्रथम तल पर विकसित किया जा रहा है। अधिकारियों की माने तो यह हाईटेक संग्रहालय सितम्बर माह तक आम जनता और पर्यटकों के लिए खोले जाने की संभावना है।

इस संग्रहालय में बहज सहित अन्य उत्खनन स्थलों से प्राप्त की गई दुर्लभ पुरावस्तुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इन वस्तुओं में प्राचीन बर्तन, औजार, आभूषण, मूर्तियां और अन्य ऐतिहासिक सामग्री शामिल हैं, जो उस काल की जीवनशैली, संस्कृति और सभ्यता की झलक प्रस्तुत करेंगी।

पर्यटकों के अनुभव को समृद्ध करने के लिए संग्रहालय में चार टच स्क्रीन कियोस्क लगाए जाएंगे, जिनमें पुरावस्तुओं की विस्तृत जानकारी और उनके ऐतिहासिक संदर्भ को पढ़ा जा सकेगा। साथ ही, एलईडी टीवी के माध्यम से 8 से 10 मिनट की डॉक्यूमेंट्री फिल्में भी दिखाई जाएंगी, जो संग्रहालय की सामग्री और ऐतिहासिक महत्व को रोचक ढंग से प्रस्तुत करेंगी।

शोधार्थियों, स्कूली बच्चों और कॉलेज विद्यार्थियों के लिए यह संग्रहालय ज्ञान का एक नया केन्द्र बनेगा। प्रदर्शनी में समय-समय पर बदलाव कर नई पुरावस्तुएं जोड़ी जाएंगी ताकि हर बार आने वालों को नया अनुभव मिले। जयपुर में यह संग्रहालय न सिर्फ ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजेगा, बल्कि युवाओं को अपने अतीत से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!