27 से 31 दिसंबर तक सांभर में पांच दिवसीय आयोजन, पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान
जयपुर। राजस्थान की ऐतिहासिक और विश्वविख्यात सांभर नगरी एक बार फिर संस्कृति, प्रकृति और रोमांच के रंगों से सराबोर होने जा रही है। राजस्थान पर्यटन विभाग द्वारा 27 से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाला सांभर महोत्सव 2025 राज्य के अनुभव आधारित पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का सशक्त माध्यम बनेगा। पांच दिवसीय इस आयोजन में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को राजस्थान की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला और प्राकृतिक धरोहर से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
पर्यटन विभाग के उप निदेशक उपेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के विजन के अनुरूप सांभर महोत्सव को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांभर साल्ट लेक अब प्री-वेडिंग शूट, फोटोग्राफी और एस्ट्रो टूरिज्म का उभरता केंद्र बन चुका है।
महोत्सव के दौरान सांभर साल्ट कैंपस, देवयानी तीर्थ सरोवर और मेला ग्राउंड गतिविधियों के प्रमुख केंद्र रहेंगे। कला एवं शिल्प स्टॉल, लोक प्रस्तुतियां, फैंसी पतंग उड़ान, पैरा मोटरिंग, पैरा सेलिंग, एटीवी राइड्स, बर्ड वॉचिंग, दीपोत्सव, महाआरती, हेरिटेज वॉक, साइक्लिंग टूर और किड्स ज़ोन जैसे आकर्षण आयोजन को यादगार बनाएंगे।
सांभर महोत्सव 2025 स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ राजस्थान को अंतरराष्ट्रीय अनुभव आधारित पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
#NewsExpressRajasthan #SambharFestival2025 #ExperienceRajasthan #CultureNatureAdventure #IncredibleRajasthan #SambharLake #RajasthanTourism #FestivalVibes #ExploreIndia #TravelRajasthan
