जयपुर। राजस्थान दिवस (19 मार्च 2026) इस बार वृहद स्तर पर मनाया जाएगा। यह निर्णय मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में आयोजित पर्यटन तथा कला, साहित्य एवं संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक में लिया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन में राज्य की विविध लोक एवं शास्त्रीय कलाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले कलाकारों को प्रमुख मंच प्रदान किया जाए।
जयपुर में होगा एक दिवसीय चिंतन शिविर
मुख्य सचिव ने कला, साहित्य एवं संस्कृति विभाग को उनकी उपस्थिति में जयपुर में कला एवं संस्कृति आधारित एक दिवसीय चिंतन शिविर बड़े स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, साहित्य और गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी अकादमियां वर्ष में कम से कम एक बड़ा आयोजन करें।
पर्यटन नीति 2025 और रिकॉर्ड वृद्धि
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता एवं पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियाड़ भी उपस्थित रहे। आयुक्त ने जानकारी दी कि राज्य में पर्यटन नीति-2025 तथा नई राजस्थान फिल्म प्रोत्साहन नीति-2025 लागू की गई है। राज्य में 9 यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट होने के साथ इस वर्ष घरेलू पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। राजस्थान पर्यटन का यूट्यूब चैनल देश में चौथे स्थान पर है।
कला-संस्कृति संस्थाओं को मिले नई ऊर्जा
मुख्य सचिव ने अकादमियों द्वारा पुस्तकों के कम प्रकाशन पर नाराजगी जताते हुए कम से कम 15 अग्रणी लेखकों की विषय आधारित पुस्तकों के प्रकाशन के निर्देश दिए। उन्होंने रविंद्र मंच और जवाहर कला केन्द्र में होने वाले आयोजनों के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा प्रदर्शन कलाओं से जुड़े कलाकारों को बड़े मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही विभागों के रिक्त पदों को प्राथमिकता से भरने और पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
#NewsExpressRajasthan #RajasthanDay2026 #RajasthanTourism #ArtAndCulture #HeritageRajasthan #IncredibleIndia #CulturalRevival #TourismGrowth #JaipurEvents #RajasthanHeritage #CreativeRajasthan
