फैक्ट्री में दिखा जंगल का शिकारी, वन विभाग अलर्ट पर
जयपुर। गोपालपुरा मोड के पास एक फैक्ट्री में तेंदुआ दिखाई देने से दहशत फैल गई। वन विभाग को तुरंत इनकी जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पहुंच गई। यहां उन्होंने फैक्ट्री के आसपास तेंदुए को ढूंढना शुरू किया तो एक बार वो डॉग का शिकार करने की नीयत से घात लगाकर बैठा हुआ दिखाई दिया, लेकिन सफल नहीं हो सका। इस बीच अंधेरा होने के चलते वो झाड़ियों के बीच ओझल हो गया।
वन विभाग के रेंजर जितेन्द्र शेखावत ने बताया कि हमें शाम पांच बजे तेंदुए के फैक्ट्री में दिखाई देने की जानकारी मिली। इसके बाद वन विभाग के स्टाफ के साथ रवाना हुए। यहां तेंदुआ दिखाई दिया। जिसे ट्रेंकुलाइज करने की कोशिशें की गई। लेकिन बड़ी बड़ी झाड़ियां होने और बाद में अंधेरा होने के ऐसा नहीं किया जा सका। फैक्ट्री के आसपास रहने वाले लोगों को रात को घरों से बाहर नहीं निकलने को कहा गया है। लोगों की सुरक्षा के लिए वन विभाग के स्टाफ को यहां रात में भी तैनात किया गया है।