उज्जैन। वर्ष का पहला ग्रहण पूर्ण चन्द्रग्रहण होगा। यह ग्रहण दिनांक 14 मार्च, 2025 को होगा। भारतीय समय के अनुसार पूर्ण चन्द्रग्रहण का प्रारम्भ 14 मार्च को प्रातः 10:39:03 बजे पर होगा। मध्य की स्थिति दोपहर 12:29:09 बजे पर होगी। इस समय चन्द्रमा का 118.3 प्रतिशत भाग ढंका होगा। मोक्ष की स्थिति दोपहर 02:18:02 बजे पर होगी। इस समय भारत में दिन होने के कारण यह ग्रहण भारत में दृश्य नहीं होगा। यह ग्रहण अमेरिका, पश्चिमी यूरोप, पश्चिमी अफ्रीका, उत्तरी-दक्षिणी अटलांटिक महासागर में दिखाई देगा।
29 मार्च को होगा दूसरा ग्रहण
उज्जैन स्थित शास. जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ राजेन्द्र प्रकाश गुप्त ने बताया कि वर्ष का द्वितीय ग्रहण आंशिक सूर्यग्रहण होगा। यह ग्रहण 29 मार्च, 2025 को होगा। भारतीय समय के अनुसार आंशिक सूर्यग्रहण का प्रारम्भ 29 मार्च को दोपहर 02:20:08 बजे पर होगा। मध्य की स्थिति दोपहर 04:17:04 बजे पर होगी। इस समय सूर्य का 93.7 प्रतिशत भाग ढंका होगा। मोक्ष की स्थिति सायं 06:13:06 बजे पर होगी। यह ग्रहण भी भारत में दृश्य नहीं होगा। यह ग्रहण उत्तरी अमेरिका, ग्रीनलैंड आइसलैंड उत्तरी अटलांटिक महासागर, सम्पूर्ण यूरोप व उत्तर-पश्चिम रशिया में दृश्य होगा।
7-8 सितंबर को होगा तीसरा ग्रहण
डॉ राजेन्द्र ने बताया कि साल का तीसरा ग्रहण पूर्ण चन्द्रग्रहण होगा। यह 7-8 सितम्बर, 2025 को होगा। भारतीय समय के अनुसार पूर्ण चन्द्रग्रहण का प्रारम्भ 7 सितम्बर को रात्रि 09:56:08 बजे पर होगा। मध्य की स्थिति मध्यरात्रि 11:41:08 बजे पर होगी। इस समय चन्द्रमा का 136.8 प्रतिशत भाग ढंका होगा। मोक्ष की स्थिति 8 सितम्बर को मध्यरात्रि 01:26:08 बजे पर होगी। यह ग्रहण भारत में दृश्य होगा। यह ग्रहण अंटार्कटिका, पश्चिमी प्रशांत महासागर आस्ट्रेलिया, एशिया, हिन्द महासागर व यूरोप में भी दिखाई देगा।
साल का अंतिम ग्रहण 21-22 सितंबर को
साल का अन्तिम ग्रहण आंशिक सूर्यग्रहण होगा। यह 21-22 सितम्बर को होगा। भारतीय समय के अनुसार आंशिक सूर्यग्रहण का प्रारम्भ 21 सितम्बर को रात्रि 10:59:08 बजे पर होगा। मध्य की स्थिति 22 सितम्बर को मध्यरात्रि 01:11:09 बजे पर होगी। इस समय सूर्य का 85.5 प्रतिशत भाग ढंका होगा। मोक्ष की स्थिति मध्यरात्रि 03:23:06 बजे पर होगी। यह ग्रहण भारत में दृश्य नहीं होगा। यह ग्रहण न्यूजीलैण्ड और पश्चिमी अंटार्कटिका में दृश्य होगा।