नाहरगढ़ के शीशमहल में मिर्जा राजा जयसिंह का वैक्स फिगर, राजस्थान दिवस पर होगा अनावरण

जयपुर। राजस्थान दिवस के अवसर पर नाहरगढ़ स्थित जयपुर वैक्स म्यूजियम में मिर्जा राजा जयसिंह का वैक्स फिगर स्थापित किया जा रहा है। पर्यटकों को यह दुर्लभ अवसर मिलेगा कि वे आमेर रियासत के इस महान शासक और शीशमहल के अद्भुत निर्माता को जीवंत रूप में देख सकें।

मिर्जा राजा जयसिंह, जिन्होंने 46 वर्षों (1621-1667) तक आमेर पर शासन किया। तीन मुग़ल सम्राटों जहांगीर, शाहजहां और औरंगज़ेब के शासनकाल के साक्षी रहे। शाहजहां ने 1637 ईस्वी में उन्हें ‘मिर्जा राजा’ की उपाधि से सम्मानित किया था।

    शाही दरबार की जीवंत प्रस्तुति

      जयपुर वैक्स म्यूजियम के शीशमहल में मिर्जा राजा जयसिंह के साथ उनके मंत्री, सेनापति और दरबारी के वैक्स फिगर भी स्थापित किए गए हैं। यह संपूर्ण सेटअप पर्यटकों को उस दौर के शाही दरबार का वास्तविक अनुभव कराएगा।

      तीन लाख से अधिक रंगीन कांच के टुकड़ों से बना शीशमहल

        शीशमहल में तीन लाख से अधिक रंगीन कांच के टुकड़ों और बारीक ठीकरी कारीगरी से निर्मित दीवारें एवं छतें दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देती हैं। दिलचस्प बात यह है कि यह दुनिया का पहला शीशमहल है जिसका फर्श भी कांच का बना हुआ है।

        वैक्स फिगर: ऐतिहासिक चित्रों से प्रेरित रचना

          जयपुर वैक्स म्यूजियम के संस्थापक निदेशक अनूप श्रीवास्तव के अनुसार, मिर्जा राजा जयसिंह का वैक्स फिगर ऐतिहासिक पुस्तकों में उपलब्ध चित्रों को आधार बनाकर तैयार किया गया है। इसका वजन लगभग 38 किलोग्राम और ऊंचाई लगभग 6 फीट है।

          नाहरगढ़ किले में विश्व का पहला हेरिटेज वैक्स म्यूजियम

            अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि जयपुर वैक्स म्यूजियम दुनिया का पहला ऐसा वैक्स म्यूजियम है जो किसी ऐतिहासिक धरोहर, नाहरगढ़ किले, में स्थित है। यहां भारतीय इतिहास की प्रतिष्ठित हस्तियों के वैक्स स्टेच्यू प्रदर्शित किए गए हैं, जिनमें जयपुर राजघराने के राजा-महारानी विशेष आकर्षण का केंद्र हैं।

            कला और इतिहास का अद्भुत संगम

              इस म्यूजियम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसके निर्माण में आधुनिक सामग्रियों की बजाय पारंपरिक हस्तकला का उपयोग किया गया है। शाही दरबार की साज-सज्जा और वाल पेंटिंग कलाकारों की मेहनत और कौशल का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं।

              Leave a Reply

              Your email address will not be published. Required fields are marked *

              error: Content is protected !!