सिकंदरा से दिल्ली जा रहे ट्रक को पीछा कर पकड़ा, पुलिस व वन विभाग के लालसोट रेंज के सहयोग से बड़ी कार्रवाई
जयपुर। वन अपराधों के विरुद्ध सख्त अभियान के तहत वन विभाग की सतर्कता एक बार फिर रंग लाई है। उप वन संरक्षक संभागीय गश्ती दल जयपुर एवं रेंज दौसा की संयुक्त टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल करते हुए लगभग 120 किलोमीटर तक पीछा कर ट्रक को जब्त किया है। यह कार्रवाई बीती रात मुखबिर से प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार सिकंदरा से दिल्ली की ओर अवैध लकड़ी लेकर जा रहे ट्रक को रोके जाने के संकेत दिए गए, लेकिन चालक ने भांडारेज क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे का टोल तोड़ते हुए वाहन को कोटा की दिशा में मोड़ दिया। चालक द्वारा लगातार संकेतों की अनदेखी किए जाने पर वन विभाग की टीम ने सतर्कता और सूझबूझ के साथ उसका पीछा जारी रखा।

उप वन संरक्षक संभागीय गश्ती दल जयपुर अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस एवं लालसोट रेंज की टीम के सहयोग से आखिरकार ट्रक को एक रेस्टिंग एरिया से बरामद कर लिया गया। जब्त किए गए ट्रक को रामगढ़ पचवारा थाना, दौसा में खड़ा कराया गया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से न केवल अवैध लकड़ी तस्करी पर रोक लगी है, बल्कि तस्करों को भी कड़ा संदेश गया है कि वन अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी वन अपराध से संबंधित गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत सूचना देकर वन संरक्षण में सहभागी बनें।
#NewsExpressRajasthan #ForestProtection #StopIllegalLogging #ForestDepartmentAction #120KmChase #WildlifeCrime #SaveForests #RajasthanForest #EnvironmentalProtection
