गुरु गीता पाठ के साथ गायत्री परिवार का गुरु पूर्णिमा महोत्सव शुरू

जयपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से गुरु पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। जयपुर की तीनों शक्तिपीठों, मानसरोवर के वेदना निवारण केन्द्र सहित सभी प्रज्ञा केन्द्रों में मंगलवार को आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा पर्व महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

शक्तिपीठ के व्यवस्थापक सोहनलाल शर्मा ने बताया कि मंगलवार को गुरु गीता का सामूहिक पाठ किया गया। गायत्री परिवार की सैंकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने गुरु गीता का संगीतमय पाठ किया। गुरु गीता पाठ से पूर्व गायत्री कचोलिया ने प्रज्ञा गीतों के माध्यम गुरु के प्रति कार्यकर्ताओं की श्रद्धा को और अधिक पुष्ट कर दिया। प्रारंभ में वेदमाता गायत्री और गुरू सत्ता का पूजन किया गया। बुधवार को सुबह 6 से शाम 5 बजे तक गायत्री महामंत्र का अखंड जप किया जाएगा।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु सबके लिए सद्बुद्धि की कामना करते हुए गायत्री महामंत्र का जाप करेंगे। शाम को दीपयज्ञ होगा। गुरू पूर्णिमा महोत्सव 10 जुलाई को मनाया जाएगा। सुबह 8 से 11 बजे तक नौ कुंडीय महायज्ञ, गुरु चरण पादुका पूजन, गुरु दीक्षा एवं अन्य संस्कार आयोजित किए जाएंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!