सुबह नौ से ग्यारह बजे तक होगा नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ
जयपुर। श्री माध्व गौड़ेश्वर मंडल की ओर से फाल्गुन पूर्णिमा से मनाए जा रहे श्रीमन् गौरांग महाप्रभुजी के 539वें जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को दो बड़े आयोजन होंगे। आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में सुबह नौ से ग्यारह बजे तक नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ होगा। यज्ञ गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के विद्वानों की टोली संपन्न कराएगी।
23 मार्च को शाम 4 बजे गोविंददेवजी मंदिर से गाजे-बाजे के साथ नगर कीर्तन शोभायात्रा निकाली जाएगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु नाचते-गाते, कीर्तन करते हुए विभिन्न मार्गों से होते हुए चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदर मंदिर पहुंचेंगे। जयंती महोत्सव के अंतर्गत 24 मार्च को चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदरजी मंदिर में श्रीमन् माधव गौड़ेश्वर संप्रदाय आचार्य वासुदेव गोस्वामी महाराज का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। 25 मार्च को पुरानी बस्ती स्थित मंदिर श्रीगोपीनाथजी में शाम 6 बजे उत्सव होगा। 26 मार्च को आमेर रोड बलदेवजी के मंदिर में, 27 मार्च को मंगोडी वालों की बगीची के पास संतोष सागर कॉलोनी में, 28 मार्च को गलता गेट स्थित देश भूषण नगर में जयंती महोत्सव के अंतर्गत संकीर्तन-भजन संध्या और उछाल होगी।
इन मंदिरों में भी होंगे आयोजन
इनके अलावा चौड़ा रास्ता स्थित मंदिर श्री मदनगोपालजी, सिरह ड्योढ़ी बाजार स्थित मंदिर श्री कल्किजी, चांदपोल बाजार स्थित रामचंद्रजी मंदिर, त्रिपोलिया बाजार स्थित श्री विनोदीलालजी, कल्याणजी का रास्ता स्थित मंदिर श्री कल्याणजी में भी कार्यक्रम होंगे। जयंती महोत्सव का आखिरी आयोजन दो जून को होगा। चैतन्य संप्रदाय पुरुषोत्तम गोस्वामी महाराज का जन्म महोत्सव त्रिपोलिया बाजार स्थित मंदिर राधा विनोदीलालजी में मनाया जाएगा। शाम 7 बजे से बधाईगान होगा।
अभिनव भागवत अगले माह
जयंती महोत्सव के अंतर्गत तीन से नौ अप्रेल तक त्रिपोलिया बाजार स्थित विनोदलालजी मंदिर में अभिनव भागवत होगी। व्यासपीठ से आचार्य अभिनव गोस्वामी के सान्निध्य में आचार्य श्री वत्स गोस्वामी दोपहर दो से शाम पांच बजे तक कथा श्रवण कराएंगे।