साल 2018 में पहली बार जयपुर जू लाया गया था शुतुरमुर्ग का जोड़ा, सात साल बाद हुआ इनमें सफल प्रजनन

साल 2020 में भी चेन्नई से लाई गईं थी दो मादा शुतुरमुर्ग

प्रदेश में कैप्टिविटी में पहली बार जयपुर चिड़ियाघर में शुतुरमुर्ग में हुआ सफल प्रजनन

जयपुर। जयपुर चिड़ियाघर से वन्यजीव और पक्षी प्रेमियों के लिए अच्छी खबर सामने आई। यहां रह रही मादा शुतुरमुर्ग अवंतिका ने अंडे दिए थे। जिनमें से एक बच्चे का जन्म हुआ है। इसके बाद जयपुर चिड़ियाघर स्टाफ की ओर से मादा शुतुरमुर्ग और बच्चे की देखरेख की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे और स्टाफ की ड्यूटी लगाकर मॉनिटरिंग भी की जा रही है। जयपुर चिड़ियाघर के उप वन संरक्षक (वन्यजीव) विजय पाल सिंह ने बताया कि डॉ अशोक तंवर के सुपरविजन में शुतुरमुर्ग कि देखरेख की जा रही है। पिछले दिनों होली के दिन अंडे से बच्चा बाहर आया। इसके बाद मादा शुतुरमुर्ग और उसके बच्चे को छः तरह के अनाज का दलिया एवं आवश्यक दवाईया दी जा रही हैं। डॉ अशोक तंवर ने बताया कि राजस्थान में कैप्टिविटी में पहली बार जयपुर जू में शुतुरमुर्ग में सफल प्रजनन हुआ है।

शुतुरमुर्ग और मार्च का संयोग

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मार्च, 2018 में पहली बार चेन्नई से शुतुरमुर्ग का जोड़ा जयपुर चिड़ियाघर लाया गया था। इसमें नर शुतुरमुर्ग का नाम बाहुबली और मादा शुतुरमुर्ग का नाम देवसेना था। लेकिन कुछ समय बाद मादा शुतुरमुर्ग देवसेना की मृत्यु हो गई। इसके बाद पुनः मार्च, 2020 में चेन्नई से दो मादा शुतुरमुर्ग जयपुर चिड़ियाघर लाई गईं थीं। इसके बाद नर शुतुरमुर्ग बाहुबली की मृत्यु हो जाने पर साल 2021 में फिर चेन्नई से नर शुतुरमुर्ग मल्लिकार्जुन को जयपुर चिड़ियाघर लाया गया था। वहीं अब मार्च, 2025 में जयपुर चिड़ियाघर में शुतुरमुर्ग में सफल प्रजनन हुआ है। मादा शुतुरमुर्ग अवंतिका ने और भी अंडे दिए हैं। तो ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि इनमें से भी बच्चे बाहर आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!