गोविंद देवजी मंदिर में पर्यावरण संवर्धन गायत्री महायज्ञ रविवार को

विमान हादसे में मारे गए लोगों की आत्म शांति के लिए देंगे विशेष आहुतियां

जयपुर। आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में रविवार को मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में सुबह 8 से 11 बजे तक पर्यावरण संवर्धन गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। स्वच्छ पर्यावरण, हरित जीवन और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देने के आयोजित यज्ञ को गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के विद्वानों की टोली संपन्न कराएंगी।

गोविंद देवजी मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि स्वच्छ पर्यावरण-सुरभित जीवन के ध्यये वाक्य के साथ आयोजित यज्ञ में सभी को नि:शुल्क आहुतियां अर्पित करने का अवसर मिलेगा। यज्ञ के लिए किसी भी सामग्री को लाने की आवश्यकता नहीं है।

यज्ञ सुबह 8 से 10 बजे तक ही होगा। इसके बाद 10 से 11 बजे तक पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन संवर्धन परिषद की ओर से मानसून के दौरान अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए पूर्व तैयारियों पर मंथन किया जाएगा। पर्यावरण के क्षेत्र में लंबा अनुभव रखने वाले विशिष्टजनों के उद्बोधन भी होंगे।

इससे पहले शुक्रवार को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन संवर्धन परिषद के चेयरमैन राहुल द्विवेदी, राजस्थान संयोजक कुलदीप सुरोलिया, मनीष वर्मा, साहिल शर्मा, जस्सी सिंह, मालसिंह एवं अन्य ने आयोजन के पोस्टर का विमोचन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!