19–26 जनवरी तक द्वितीय चरण में ये होंगे आयोजन
जयपुर से ग्राम पंचायत तक गूंजेगा वंदे मातरम्, राज्यपाल के आतिथ्य में विशेष कार्यक्रम
जयपुर। राजस्थान सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में राज्यभर में चार चरणों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में द्वितीय चरण का आयोजन 19 से 26 जनवरी तक किया जा रहा है। अतिरिक्त मुख्य शासन सचिव, कला एवं संस्कृति विभाग, प्रवीण गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन प्रदेश में राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा देने का कार्य करेगा।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जयपुर में राज्यपाल के आतिथ्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों, ब्लॉक मुख्यालयों, ग्राम पंचायतों तथा स्कूल-कॉलेजों में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के पश्चात सामूहिक वंदे मातरम् गायन किया जाएगा। इन आयोजनों में मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाज की प्रमुख हस्तियां और आम नागरिकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
द्वितीय चरण के अंतर्गत 19 से 26 जनवरी तक शैक्षणिक संस्थानों में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड की भागीदारी से संगीतमय प्रस्तुतियां, विशेष सभाएं, निबंध, वाद-विवाद और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं, पोस्टर निर्माण, रंगोली, चित्रकला और प्रदर्शनी आयोजित होंगी। वहीं, राज्य पुलिस बैंड द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर वंदे मातरम् और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
सार्वजनिक एवं निजी सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां नागरिक अपने स्वर में वंदे मातरम् रिकॉर्ड कर अभियान के पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण नवंबर 2025 में संपन्न हो चुका है, जबकि तृतीय चरण अगस्त 2026 में हर घर तिरंगा अभियान के साथ और चतुर्थ चरण नवंबर 2026 में आयोजित किया जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रगीत के प्रति भावनात्मक जुड़ाव और राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त करना है।
#NewsExpressRajasthan #VandeMataram150 #RajasthanCulture #PatrioticIndia #CulturalHeritage #NationFirst #UnityInDiversity #RepublicDayCelebrations
