जयपुर। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस 21 अप्रैल को जयपुर पहुंचेंगे। वहीं 22 अप्रैल को सुबह करीब 9 बजे आमेर महल विजिट के लिए आएंगे। इससे पहले अमेरिकी एजेंसियों ने रविवार को महल परिसर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हाथियों द्वारा उप राष्ट्रपति जेडी वेंस के स्वागत सहित लोक कलाकारों की ओर से दी जाने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रिहर्सल भी देखी।
जानकारी के अनुसार हथिनी पुष्पा और चंदा उप राष्ट्रपति जेडी वेंस का स्वागत करेंगी। इससे पहले दोनों हथिनियों को प्राकृतिक रंगों से सजाया जाएगा। वहीं चांदी के कीमती जेवर भी पहनाए जाएंगे। हाथी मालिक शफीक खान ने बताया कि पुष्पा और चंदा को सिर से लेकर पांव तक चांदी के जेवर पहनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि चांदी के ये गहने करीब 300 साल पुराने हैं।