सैलानी रूपी गहनों से सजे शहर के पर्यटन स्थल

पर्यटकों से सराबोर हुई पर्यटन नगरी

टीम एनएक्सआर जयपुर। शहर के पर्यटन स्थलों के देख आज ऐसा लगा जैसे इन्होंने सैलानी रूपी गहने पहन लिए हों। आमेर महल हो या हवा महल हर ओर पर्यटकों की मौजूदगी से ये स्मारक भी खिल खिला उठे। नाहरगढ दुर्ग से पर्यटकों ने गुलाबी नगरी की सुंदरता को कैमरे में कैद किया। वहीं जंतर मंतर स्मारक में पर्यटकों ने सालों पुराने यंत्रों को निहारा। यहां 8,490 पर्यटक आए। वहीं अल्बर्ट हाल संग्रहालय में भी पावणों ने करीब 2400 से अधिक पुरानी मिस्र की ममी के दर्शन किए। यहां प्रदर्शित राजा महाराजाओं के सालों पुराने हथियार, सिक्के, ढाल सहित अन्य एंटीक चीजों ने पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित किया। यहां 6441 पर्यटक आए।

जैसे गुलाबी मुकुट में गहने सजे हों…
गुलाबी नगरी की पहचान हवामहल स्मारक में भी दिनभर पर्यटकों की मौजूदगी रही। महाराजा सवाई प्रताप सिंह ने हवामहल को कृष्ण के मुकुट के समान बनाया था। सैलानियों की उपस्थिति से ऐसा लगा जैसे आज उस मुकुट में पर्यटन रूपी गहनों ने चार चांद लगा दिए हों। यहां आज 10,545 पर्यटक आए।

आमेर रहा पसंदीदा पर्यटन स्थल
जयपुर आने वाले घरेलू और विदेशी पर्यटकों की पहली प्राथमिकता आमेर महल देखने की होती है। यहां उन्होंने शीशमहल, दीवान ए आम, गणेशपोल सहित विभिन्न हिस्सों को निहारा। राइड के शौकीन पर्यटकों ने यहां संचालित सैगवे राइड का लुफ्त उठाया। तो वहीं हाथी सवारी के कद्रदान भी कतार में लगकर हाथी सवारी के लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। यहां 12,479 पर्यटक आए।

नाहरगढ बायोलॉजिकल पार्क और हाथी गांव में भी भीड़
गुलाबी नगरी के पर्यटन स्थलों के साथ ही वाइल्ड लाइफ में रुचि रखने वाले पर्यटकों शेर, बाघ, भालू और बघेरे देखे। इस दौरान बुधवार को नाहरगढ जैविक उद्यान में 2211, लायन सफारी में 337, टाइगर सफारी में 129 पर्यटक आए। वहीं झालाना लेपर्ड रिजर्व, आमागढ़ लेपर्ड रिजर्व और हाथी गांव में भी पर्यटकों की अच्छी खासी तादाद रही।

इनका कहना…
पर्यटन सीजन के चलते विभाग के संरक्षित स्मारकों और संग्रहालयों पर पर्यटकों की अच्छी संख्या देखने को मिल रही है। जो पर्यटन क्षेत्र के लिए अच्छा संकेत है।
डॉ पंकज धरेंद्र, निदेशक, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग

आज आमेर महल में 12,479 पर्यटक आए हैं। पर्यटन सीजन में पर्यटकों की अच्छी आवक हो रही है। वहीं पर्यटक हाथी सवारी का भी लुत्फ उठा रहे हैं।
डॉ राकेश छोलक, अधीक्षक, आमेर महल

हवामहल में आज 10,545 पर्यटक आए हैं। इन्होंने महल के विभिन्न हिस्सों को निहारने के साथ ही यहां कठपुतली नृत्य का भी लुत्फ उठाया।
सरोजनी चंचलानी, अधीक्षक, हवामहल स्मारक

जंतर मंतर स्मारक में आज 8,490 पर्यटक आए। यहां इन्होंने विभिन्न यंत्रों को निहारा। साथ ही स्मारक स्थित इंटरप्रिटेशन सेंटर में ऑडियो वीडियो के जरिए यंत्रों की कार्य प्रणाली के बारे में जाना।
प्रतिभा यादव, अधीक्षक, जंतर मंतर स्मारक

प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। जो ट्यूरिज्म ट्रेड के लिए शुभ संकेत है। वहीं वाइल्ड लाइफ लवर्स की भी अच्छी तादाद सामने आई है।
संजय कौशिक, फाउंडर, फ्रेंड्स ऑफ राजस्थान टूरिज्म

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!