निवेश, नवाचार और विरासत के संगम से बदल रही है राजस्थान पर्यटन की तस्वीर

घरेलू पर्यटन में रिकॉर्ड उछाल, राजस्थान बना पसंदीदा डेस्टिनेशन

नई पर्यटन नीति और वैश्विक मार्केटिंग से मजबूत हो रही पहचान

जयपुर। राजस्थान पर्यटन अब केवल किलों–महलों और ऐतिहासिक धरोहरों तक सीमित नहीं रहा। निवेश, नवाचार, रोजगार सृजन और वैश्विक ब्रांडिंग के साथ यह सेक्टर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का सशक्त इंजन बनकर उभर रहा है। राइजिंग राजस्थान अभियान, नई पर्यटन नीति, धार्मिक और ग्रामीण पर्यटन सर्किट, साथ ही मेलों-त्योहारों के विस्तार ने प्रदेश को पर्यटन के एक नए युग में पहुंचा दिया है।

इन प्रयासों का सीधा असर घरेलू पर्यटन पर दिखाई दे रहा है। पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियाड़ के अनुसार, विगत वर्ष की तुलना में इस वर्ष राजस्थान में आने वाले पर्यटकों की संख्या में 9.74 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। यह वृद्धि न केवल एक उपलब्धि है, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए बड़े अवसर भी खोलती है।

विदेशी पर्यटकों के संदर्भ में भी राजस्थान की स्थिति अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर रही है। जहां भारत में सितंबर 2025 तक विदेशी पर्यटक यात्राओं में वर्ष 2024 की तुलना में 12.53 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं राजस्थान में यह कमी मात्र 6.4 प्रतिशत रही। यह दर्शाता है कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद राजस्थान की आकर्षण क्षमता बरकरार है।

राजस्थान पर्यटन विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सशक्त उपस्थिति भी भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत दे रही है। आईटीबी बर्लिन, बीआईटीई बीजिंग (चीन), टूरिज्म एक्सपो जापान, आईमेक्स यूएसए और वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट लंदन जैसे प्रतिष्ठित ट्रैवल मार्ट्स में सहभागिता से राजस्थान की वैश्विक ब्रांडिंग को मजबूती मिली है। इससे आने वाले समय में विदेशी पर्यटकों के आगमन में वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है।

पर्यटन आयुक्त ने बताया कि दिसंबर 2025 में लागू की गई राजस्थान पर्यटन नीति 2025 और राजस्थान फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति 2025 से राज्य में नए पर्यटन अनुभव विकसित होंगे। विदेशी फिल्मों की शूटिंग के माध्यम से राजस्थान के पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। वहीं, जयपुर में आयोजित होने वाला ग्रेट इंडिया ट्रैवल बाजार भी विदेशी टूर ऑपरेटरों और ट्रैवल एजेंट्स के जरिए पर्यटन को नई गति देगा।

घरेलू पर्यटन में आई रिकॉर्ड वृद्धि को अवसर मानते हुए सरकार का फोकस अब ढांचागत विकास और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं पर है, ताकि पर्यटकों को बेहतरीन अनुभव मिल सके और रिपीट टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा सके।

#NewsExpressRajasthan #RajasthanTourism #IncredibleRajasthan #TourismGrowth #DomesticTourismBoom #GlobalTourism #HeritageAndInnovation #VisitRajasthan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!