मंदिर ठिकाना गलताजी में बिखरेंगे ब्रज अवध फागोत्सव के रंग

सोमवार को दोपहर 12 बजे होगा फागोत्सव का आयोजन, जिला प्रशासन ने फागोत्सव की तैयारियों को दिया अंतिम रूप

जयपुर। मंदिर ठिकाना गलताजी में श्रद्धालु सोमवार को फाग के रंग से सराबोर होंगे। जिला प्रशासन एवं देवस्थान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दोपहर 12 बजे से ब्रज अवध फागोत्सव का दिव्य एवं भव्य आयोजन किया जाएगा।

अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय आशीष कुमार ने बताया कि जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशों की अनुपालना में ब्रज अवध फागोत्सव के रंगारंग आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। गोपूजन, तिलक आशीर्वाद एवं हरि कीर्तन मानस पाठ के साथ फागोत्सव का आगाज होगा। इसके पश्चात रंगोली प्रतियोगिता, बाल राम—कृष्ण छवि प्रतियोगिता एवं जन-जन भगवान झांकी प्रतियोगिता के आयोजन के बाद ब्रज अवध फागोत्सव में कलाकार भक्तिमय रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे। तो वहीं, महा आरती एवं महाभोग का आयोजन भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि गलता तीर्थ मन्दिर के इतिहास में पहली बार आयोजित हो रहे इस फागोत्सव में विभिन्न समाजों, धार्मिक संगठनों व आमजन के लिए फूलों की होली के साथ ब्रज की सुप्रसिद्ध फूल होली एवं शेखावाटी के चंग-धमाल के कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केन्द्र होंगी।

गौरतलब है कि जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने मंदिर ठिकाना गलता जी में ब्रज अवध फागोत्सव के दिव्य, भव्य एवं सफल आयोजन के लिए नगर निगम, पुलिस विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सार्वजनिक निमार्ण विभाग, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, नागरिक सुरक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई है। वहीं, उपखंड अधिकारी जयपुर प्रथम राजेश जाखड़ को ब्रज अवध फागोत्सव के आयोजन हेतु समस्त आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए समग्र प्रभारी नियुक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!