जयपुर। राजधानी जयपुर में शनिवार को इतिहास, विरासत और रफ्तार का अनोखा संगम देखने को मिला, जब राजपूताना ऑटोमोटिव स्पोर्ट्स कार क्लब की ओर से आयोजित 27वीं विंटेज एंड क्लासिक कार एग्जीबिशन का शुभारंभ हुआ। इस आयोजन का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने स्वयं विंटेज कार में बैठकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कारों के रखरखाव व इतिहास की जानकारी ली।

दुर्लभ कारों ने खींचा लोगों का ध्यान
एग्जीबिशन में देश–विदेश से लाई गई दुर्लभ और ऐतिहासिक विंटेज व क्लासिक कारें प्रदर्शित की गई हैं। इनमें शाही परिवारों द्वारा उपयोग की गई कारों से लेकर विश्व प्रसिद्ध ब्रांड्स की पुरानी मॉडल्स तक शामिल हैं। कार प्रेमियों, पर्यटकों और शहरवासियों में इन कारों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। हर कार के साथ उसकी विरासत और कहानी लोगों को आकर्षित करती नज़र आई।
विंटेज कारें हमारी धरोहर: दिया कुमारी
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों में आकर बेहद प्रसन्नता होती है। विंटेज कारें हमारी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर हैं, जिन्हें इस तरह संजोकर रखना प्रशंसनीय है। जयपुर में हर साल आयोजित होने वाली यह एग्जीबिशन अपने सुंदर और यूनिक डिस्प्ले के लिए जानी जाती है। उन्होंने कार मालिकों की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी इन कारों को आज भी बेहतर स्थिति में बनाए रखना आसान नहीं, लेकिन यह जुनून काबिले-तारीफ है।

पर्यटन को मिल रहा बढ़ावा
आयोजकों के अनुसार, इस एग्जीबिशन का मुख्य उद्देश्य राजस्थान के पर्यटन को बढ़ावा देना है। हेरिटेज के लिहाज़ से समृद्ध राजस्थान में विंटेज और क्लासिक कारें पर्यटन आकर्षण को और मजबूत करती हैं। यह एग्जीबिशन कार प्रेमियों के लिए सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुली रहेगी।
#NewsExpressRajasthan #VintageCarExhibition #ClassicCars #JaipurHeritage #RoyalRajasthan #VintageCarLovers #AutomobileHeritage #TourismRajasthan
