राजस्थान की शानदार कला, संस्कृति और ऐतिहासिक महत्व की पुरा कलाकृतियों का हो संरक्षण
पर्यटकों के आकर्षण के लिए संग्राहलयों में डिस्प्ले हो जीवंत एवं आधुनिक
जयपुर। प्रमुख शासन सचिव पर्यटन, कला एवं संस्कृति राजेश यादव ने शुक्रवार को जयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थल अल्बर्ट हॉल, हवामहल और जन्तर मन्तर का निरीक्षण किया। इस दौरान पर्यटन आयुक्त रूकमणी रियाड़ तथा पुरातत्व एवं संग्रहालय निदेशक पंकज धरेन्द्र, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी आमेर विकास एवं प्रबन्धन प्राधिकरण प्रतिभा डोटासरा, अतिरिक्त निदेशक (विकास), पर्यटन आनंद त्रिपाठी उपस्थित रहे।
प्रमुख शासन सचिव ने अल्बर्ट हॉल का निरीक्षण करते हुए कहा कि राजस्थान की शानदार कला, संस्कृति और ऐतिहासिक महत्व की पुरा कलाकृतियों एवं वस्तुओं का आधुनिक रूप से संरक्षण कार्य किया जाए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान अल्बर्ट हॉल संग्रहालय एवं उसके स्टोर में रखी लगभग 18 हजार पुरा कलाकृतियों और सामग्री का जीवंत प्रदर्शन करने उपायों पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने यहां की समस्त दीर्घाओं में लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करवाए जाने के निर्देश दिए।
राजेश यादव ने संग्राहल की महत्वपूर्ण कलाकृतियों का गहनता से अवलोकन करते हुए उनके संरक्षण और उनके प्रदर्शन की भव्यता बढ़ाने के कई सुझाव दिए। उन्होंने अल्बर्ट हॉल के तहखाने, स्टोर का निरीक्षण किया और वहां पुरानी पेटिंग्स, अस्त्र शस्त्र, औजार, मूर्तियों, पुराने बर्तन और कला कृतियों के किए जा रहे पुनर्जीवन कार्य का अवलोकन किया।

उन्होंने आई.जी.एन.सी.ए. नई दिल्ली की टीम द्वारा किए जा रहे पुनर्जीवन कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पुनर्जीवन के कार्य के पश्चात स्टोर में सुरक्षित रखी हुई कला-पुरासामग्री को डिस्पले के रूप में प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने आमेर विकास एवं प्रबन्धन प्राधिकरण के अभियन्ता को कला-पुरा सामग्री के द्वितीय चरण के संरक्षण कार्य के लिए निर्देश प्रदान किए।
प्रमुख शासन सचिव ने अल्बर्ट हॉल के संग्राहलय में राईटअप इन्फॉर्मेशन क्यू आर कोड पुनः अपडेट करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां प्रदर्शित कला कृतियों और पुरा महत्व की वस्तुओं की रोचक जानकारी के साथ राईटअप इन्फॉर्मेशन क्यू आर कोड पुनः अपडेट करने के निर्देश प्रदान किए।
प्रमुख शासन सचिव राजेश यादव ने अल्बर्ट हॉल भवन के दोनों तरफ बने बगीचों में मौसमानुसार फूलवारी लगवाना एवं गार्डन को सुसज्ज्तित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संग्रहालय परिसर में स्टोन बैंच लगवाने के भी निर्देश दिए। अल्बर्ट हॉल की चाबियां रखने की तिजोरी पर सीसीटीवी कैमरा लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने तीन कांच के सेंसर गेट लगवाए जाने और संग्रहालय के मुख्य द्वार के सामने पोर्च के फर्श को क्लिन रखने के निर्देश दिए।
प्रमुख शासन सचिव पर्यटन राजेश यादव ने हवामहल का निरीक्षण करते हुए वहां प्रदर्शनी कक्ष में पर्यटकों के आकर्षण के लिए पेंटिंग या स्कल्पचर लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़ी चौपड़ स्थित हवामहल के ऊपरी एवं पुरोहित जी के कटले के ऊपर बनी छतरियों में पेंटिंग के कार्यों का संरक्षण करने के निर्देश दिए।
राजेश यादव ने बड़ी चौपड़ से चाँदी की टकसाल जाने वाली वाली सड़क पर हवामहल के अन्दर प्रवेश रास्ते के साईनेज लगवाये जाने के निर्देश दिए। जिससे पर्यटकों को सुविधा रहेगी और पर्यटकों की संख्या में और अधिक वृद्धि हो सकेगी। उन्होंने हवामहल स्थित आयुर्वेद भवन में लगे स्कल्पचर को टफनग्लास से कवर किये जाने के निर्देश दिए।
प्रमुख शासन सचिव ने जंतर-मंतर के निरीक्षण करते हुए जंतर-मंतर में सर्कुलेशन प्लान के साईनेज लगाए जाने के निर्देश दिए। जिससे जंतर-मंतर आने वाले पर्यटकों पहले व्याख्या केन्द्र में प्रवेश मिल सके।