राष्ट्रीय पर्यटन कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत ने कहा भारत में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं, जरूरत है तलाशने और तराशने की
उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में सोमवार को भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के तत्वावधान में दो दिवसीय राष्ट्रीय पर्यटन कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत, पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी सहित विभिन्न राज्यों के पर्यटन मंत्री और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि भारत में वैश्विक पर्यटन अपेक्षाओं को पूरा करने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि भारत का लक्ष्य विश्व पर्यटन सूचकांक #WTI में टॉप टेन देशों में शामिल होने और जीडीपी में पर्यटन का योगदान 10 प्रतिशत तक बढ़ाने का है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वन स्टेट–वन ग्लोबल ट्यूरिज्म डेस्टिनेशन’ विजन के तहत प्रत्येक राज्य में कम से कम एक ग्लोबल पर्यटन स्थल विकसित किया जाएगा।

कॉन्फ्रेंस में विभिन्न राज्यों ने अपने-अपने ग्लोबल डेस्टिनेशन प्रस्ताव प्रस्तुत किए। राजस्थान की ओर से पर्यटन सचिव राजेश यादव और आयुक्त रुक्मणि रियाड़ ने महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट उदयपुर, जैसलमेर और पुष्कर को ग्लोबल डेस्टिनेशन के रूप में प्रस्तुत किया, जो शौर्य, संस्कृति और आध्यात्म का संगम बने।
पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि उदयपुर का इतिहास, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य मेवाड़ की असली पहचान है। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राजस्थान को सम्मेलन के लिए चुनने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा हर किला और महल एक कहानी कहता है, राजस्थान विश्व का एक आइकॉनिक पर्यटन स्थल है।
#NewsExpressRajasthan #IncredibleIndia #GlobalTourismSummit #UdaipurConference #OneStateOneDestination #TourismForGrowth #GajendraSinghShekhawat #DiyaKumari #RajasthanTourism #ExploreIndia #TravelInnovation
