संग्रहालय में लगाई जाएगी प्रदर्शनी, पर्यटकों को संग्रहालय के इतिहास से कराया जाएगा रूबरू
जयपुर। सालों पुरानी इमारत जहां राजा-महाराजाओं के समय की एंटीक वस्तुओं को रखा गया है। देशी और विदेशी पर्यटक यहां आकर इन्हें निहारते हैं। हम बात कर रहे हैं पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के अधीन आने वाले अल्बर्ट हॉल संग्रहालय की।
21 फरवरी शुक्रवार को अल्बर्ट हॉल संग्रहालय का 139वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा। ‘अल्बर्ट हॉल संग्रहालय अतीत के झरोखे से’ शीर्षक पर एग्जीबिशन लगाई जाएगी। इसके जरिए पर्यटकों को संग्रहालय के अब तक का सफर दिखाया जाएगा। पुरातत्व विभाग के निदेशक डॉ पंकज धरेंद्र ने बताया कि
प्रदर्शनी का उद्देश्य संग्रहालय के अतीत को एक कहानी के रूप में दिखाना है। इसमें अल्बर्ट हॉल संग्रहालय के निर्माण से अभी तक के सफर को पर्यटकों के साथ साझा करना है। जिससे पर्यटकों को संग्रहालय के अतीत से वर्तमान तक के सफर से रूबरू कराया जा सके।
गौरतलब है कि अल्बर्ट हॉल संग्रहालय में कॉरपेट, हैंडीक्राफ्ट, हथियार, सालों पुराने सिक्के, विभिन्न वाद्य यंत्र सहित अन्य एंटीक वस्तुएं पर्यटकों के अवलोकनार्थ डिस्प्ले की गई हैं। इस बीच इजिप्शियन की ममी पर्यटकों में खासी लोकप्रिय है।