वन्यजीवों को खाना खिलाने और कच्चे रास्तों पर वाहन ले जाने पर कार्रवाई
जयपुर। सरिस्का टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। फील्ड डायरेक्टर संग्राम सिंह कटियार के निर्देशन में फ्लाइंग स्क्वाड द्वारा नियमित गश्त के दौरान दो स्थानों पर उल्लंघन के मामले सामने आए। जानकारी के अनुसार, पांडुपोल मंदिर जाने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया गया। इसमें वन्यजीवों को खाद्य सामग्री खिलाना, वाहन से नीचे उतरना और मुख्य मार्ग छोड़कर कच्चे रास्तों पर वाहन ले जाना शामिल है।

दूसरी ओर बांदीपूल मंदिर के आसपास भी वन्यजीवों को खाना खिलाते लोग पाए गए। इन दोनों स्थानों पर की गई कार्रवाई में कुल 10 वाहनों से 7000 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वन्यजीवों को भोजन कराना उनके प्राकृतिक व्यवहार और आहार चक्र को प्रभावित करता है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावना बढ़ जाती है। इसके अलावा, वाहन से उतरना और निर्धारित मार्ग से हटकर चलना श्रद्धालुओं और वन्यजीवों दोनों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
#NewsExpressRajasthan #SariskaTigerReserve #WildlifeProtection #ForestRules #SaveWildlife #ResponsibleTourism #WildlifeSafety #NatureConservation #EcoAwareness #RespectNature #HumanWildlifeConflict
