द्वादश ज्योतिर्लिंग की प्राण प्रतिष्ठा कर किया रूद्राभिषेक

जयपुर। आदिदेव महादेव की आराधना के महापर्व महाशिवरात्रि पर आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में बुधवार को मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में शिवोहम् कार्यक्रम के अंतर्गत द्वादश ज्योतिर्लिंग की प्राण प्रतिष्ठा कर रूद्राभिषेक किया गया। मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव के साथ दूध, दही, घी, शहद, बूरा, गंगा जल, प्रयागराज के त्रिवेणी जल से बारह ज्योतिर्लिंग का अभिषेक कर आक, धतूरा, बेर, सोगरी सहित अन्य सामग्री अर्पित की।

अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुुंज हरिद्वार की टोली नायक श्रीराम तपस्या यादव, भास्कर तिवारी, मन सहाय कश्यप और दिनेश मारबदे ने नौ कुंडीय शिव गायत्री महायज्ञ संपन्न कराया। पांच सौ से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को महामृत्युंजय महामंत्र से आहुतियां प्रदान की। श्रीराम तपस्या यादव ने इस मौके पर कहा कि यह संसार विचारों से संचालित है। सुबह मणिशंकर चौधरी ने द्वादश पार्थिव शिवलिंगों की प्राण प्रतिष्ठा कराई। यजमानों के रूद्राभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने अपने हाथों से अभिषेक किया। पंचामृत के अलावा प्रयागराज के त्रिवेणी संगम के जल से भी अभिषेक किया गया।

गायत्री परिवार जयपुर उप जोन समन्वयक सुशील कुमार शर्मा, गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के व्यवस्थापक सोहन लाल शर्मा, गायत्री शक्तिपीठ वाटिका के व्यवस्थापक रणवीर सिंह चौधरी सहित अनेक वरिष्ठ परिजन उपस्थित रहे। गोविंद देवजी मंदिर में बुधवार को महाशिवरात्रि की रचना झांकी सजाई गई। ठाकुरजी और राधा रानी की पोशाक गुलाल से रंगी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!