मानव-वन्यजीव टकराव रोकने को बनेगी एसओपी : वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री
जयपुर। प्रदेश में वन्य जीव संरक्षण और आमजन की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने एक पहल की है। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा ने गुरुवार को विधानसभा में जानकारी दी कि आबादी क्षेत्रों में वन्य जीवों के मूवमेंट की त्वरित सूचना के लिए जल्द ही हेल्पलाइन नंबर 1926 शुरू किया जाएगा। इस पहल से आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सकेगी और मानव-वन्यजीव टकराव की घटनाओं को प्रभावी रूप से रोका जा सकेगा।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक काली चरण सर्राफ के पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वन एवं वन्य जीवों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वन्य जीवों के आबादी क्षेत्रों में प्रवेश से उत्पन्न परिस्थितियों के समाधान के लिए अन्य राज्यों, विशेषकर महाराष्ट्र, में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं का अध्ययन किया जा रहा है। इसके आधार पर इसी वित्तीय वर्ष में एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार कर पूरे प्रदेश में लागू की जाएगी।
शर्मा ने बताया कि वर्तमान में वन्य जीवों के मूवमेंट की सूचना पुलिस थाना या 100 नंबर पर प्राप्त होने के बाद वन विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाती है, लेकिन नई हेल्पलाइन से यह प्रक्रिया और अधिक तेज व प्रभावी होगी। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि जयपुर शहर के आबादी क्षेत्रों में कई बार लेपर्ड का मूवमेंट देखा गया है, जिसका विवरण तथा विभाग द्वारा की गई रोकथाम एवं सुरक्षा संबंधी कार्रवाई सदन की मेज पर रखी गई है। यह पहल मानव सुरक्षा और वन्य जीव संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
#NewsExpressRajasthan #WildlifeSafety #Helpline1926 #HumanWildlifeConflict #WildlifeConservation #SafeCoexistence
